मध्यप्रदेश के जिला पंचायत डिंडौरी ने जनपद पंचायत समनापुर के 5 अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का समय पर निराकरण न करने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस मुख्य कार्यपालन अधिकारी जतिन कुमार ठाकुर, खंड पंचायत अधिकारी सुंदर सिंह कंवर, सहायक विकास विस्तार अधिकारी अमर सिंह चौहान, पंचायत समन्वयक अधिकारी ए.एस. धुर्वे एवं गोपाल धुर्वे को जारी किया गया है।
कार्यालयीन पत्र के अनुसार अगस्त 2025 तक जनपद पंचायत समनापुर अंतर्गत पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं से संबंधित कुल 141 प्रकरणों में से केवल 108 का संतोषजनक निराकरण किया गया है। शेष 33 प्रकरण अभी भी लंबित हैं। इनमें से 104 प्रकरण 50 दिन से अधिक समय से पेंडिंग हैं।
18 सितम्बर 2025 तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार समनापुर जनपद की निराकरण दर केवल 76.60 प्रतिशत रही है, जबकि शासन स्तर से शत-प्रतिशत निराकरण के निर्देश दिए गए थे। जिला पंचायत सीईओ ने तीन दिन के भीतर अधिकारियों से स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा है। निर्देश का पालन न करने पर उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की चेतावनी दी गई है।

