Dindori News : जनता की शिकायतों पर सख्त कलेक्टर – समय पर समाधान नहीं तो होगी जवाबदेही….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी: कलेक्टर नेहा मारव्या ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर सीएम हेल्पलाइन से जुड़े प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण कर शिकायतकर्ताओं को संतोषजनक जवाब उपलब्ध कराया जाए।

कलेक्टर ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए राज्य शासन की प्राथमिकता योजना है। इसलिए प्रत्येक अधिकारी को प्राप्त शिकायतों पर गंभीरता और संवेदनशीलता से कार्यवाही करनी होगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मान्य नहीं होने वाली शिकायतों को तत्काल फोर्स क्लोज करें, ताकि वास्तविक और प्राथमिक प्रकरणों पर तेजी से कार्यवाही संभव हो सके। साथ ही उन्होंने जोर दिया कि अधिकतर शिकायतों का निराकरण लेवल-1 पर ही किया जाए, जिससे प्रकरण उच्च स्तर पर लंबित न रहे।

कलेक्टर ने चेतावनी दी कि जिन विभागों में लंबित प्रकरण अधिक पाए जाएंगे, वहां उत्तरदायित्व तय किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अधिकारी स्वयं फील्ड में जाकर समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करें। केवल औपचारिकता पूरी करने के बजाय शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए।

बैठक में अपर कलेक्टर जे.पी. यादव, एसडीएम शहपुरा ऐश्वर्य वर्मा, एसडीएम डिंडौरी भारती मेरावी, एसडीएम बजाग रामबाबू देवांगन, डिप्टी कलेक्टर वैद्यनाथ वासनिक, तहसीलदार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *