मध्यप्रदेश सरकार के निर्देशानुसार एवं जिला प्रशासन के आदेश के परिपालन में पूरे डिंडौरी जिले में “कृषक भाईचारा अभियान” चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य आम जनता तक भारत सरकार एवं मध्यप्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुँचाना है।जिला कलेक्टर के मार्गदर्शन में प्रत्येक गाँव में ग्रामसभा आयोजित कर सभी विभागों के कर्मचारियों को ग्रामीणों के बीच लाया जा रहा है, ताकि पात्र हितग्राही सीधे सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।
इसी क्रम में करंजिया विकासखंड के जोगीग्वारा ग्राम में विशेष ग्रामसभा का आयोजन किया गया। इस दौरान पंचायत सचिव नरोत्तमदास पडवार ने प्रधानमंत्री आवास, शौचालय निर्माण, पक्की सड़क सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी। राजस्व विभाग से पटवारी झारिया ने भूमि एवं राजस्व संबंधी योजनाओं पर जानकारी साझा की।स्वास्थ्य विभाग से एएनएम सरस्वती पंद्राम ने आयुष्मान भारत योजना के तहत पाँच लाख रुपये तक के निःशुल्क इलाज की जानकारी दी।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता देवकी दर केश ने लाड़ली लक्ष्मी योजना सहित महिला एवं बाल कल्याण विभाग की योजनाओं से ग्रामीणों को अवगत कराया।इसके अलावा कृषि विभाग, पशुपालन (विटनरी), शिक्षा विभाग से राम कुमार गर्ग, वन विभाग और पुलिस विभाग के प्रतिनिधियों ने भी भागीदारी करते हुए 112 डायल, साइबर ठगी से बचाव, और अन्य जनहित की जानकारियाँ दीं।




