मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले के शहपुरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत झगरहटा डूंगरिया के पोषक ग्राम डूंगरिया में नवीन ग्राम सभा गठन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई। पेसा जिला समन्वयक मिथलेश कुलेश के मार्गदर्शन तथा पेसा ब्लॉक समन्वयक चोखेलाल धुर्वे एवं ग्राम सभा पेसा मोबिलाइजर कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष राजाराम साहू के नेतृत्व में पारंपरिक पेसा ग्राम सभा का आयोजन किया गया।
ग्राम सभा ने सर्वसम्मति से कोले सिंह मरकाम को एक वर्ष के लिए ग्राम सभा अध्यक्ष पद पर मनोनीत किया। कार्यक्रम के शुभारंभ में पेसा की प्रस्तावना, नजरी नक्शा, चतुर्थ सीमा का निर्धारण और जल-जंगल-जमीन के संरक्षण व प्रबंधन से जुड़े अधिकारों की जानकारी ग्रामवासियों को दी गई।
इस अवसर पर पेसा कानून के प्रावधानों का विस्तार से उल्लेख करते हुए बताया गया कि यह कानून जनजातीय समाज की संस्कृति और परंपराओं को संरक्षण प्रदान करता है। साथ ही ग्रामवासियों को विवाद निवारण, भूमि प्रबंधन, जल संवर्धन, लघु जलसांभर की योजनाएं, खान-खनिज, मादक पदार्थ पर नियंत्रण, गौण वनोपज, बाजार-मेले, साहूकारी और सामाजिक संस्थाओं पर नियंत्रण सहित ग्राम सभा को प्राप्त अधिकारों की जानकारी दी गई।
ग्राम सभा में सरपंच सुरेंद्र सिंह परस्ते, सचिव राकेश सिंह कुशराम, रोजगार सहायक ब्रजकिशोर पाण्डेय, पेसा मोबिलाइजर चन्द्रिका शशि परस्ते, ग्राम के प्रमुखजन नारायण सिंह कुशराम, चैनसिंह धुर्वे, पंचम सिंह कुशराम, मुनीम सिंह कुशराम, भागवती मसराम, रेखा आर्मो सहित बड़ी संख्या में मतदाताओं की उपस्थिति रही।




