मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले के विकासखंड शहपुरा के सांदीपनि विद्यालय में मुख्यमंत्री बालक-बालिका प्रोत्साहन योजना के तहत आयोजित स्कूटी वितरण कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पात्र छात्र-छात्राओं के खातों में राशि अंतरित की और स्कूटी वितरित की। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखकर बड़ी संख्या में विद्यार्थी और अभिभावक विद्यालय में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कक्षा बारहवीं की टॉपर छात्रा पूर्वी सोनी अपने परिवार के साथ मौजूद रहीं। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री द्वारा दी गई यह सौगात हमें पढ़ाई में और मेहनत करने के लिए प्रेरित करेगी। मैं आभारी हूं कि मेरे प्रयासों को सम्मान मिला।”
विद्यालय के प्राचार्य यशवंत कुमार साहू ने कहा कि यह योजना ग्रामीण अंचलों के विद्यार्थियों के लिए मील का पत्थर है और इससे उनका मनोबल बढ़ेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे छात्र-छात्राएं शिक्षा में नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि मुख्यमंत्री की इस पहल से विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी और वे अपने भविष्य को संवारने के लिए और अधिक मेहनत करेंगे।




