Dindori Jan Sunwai : कलेक्टर ने सुनी नागरिकों की समस्याएं, जनसुनवाई में तत्काल निराकरण….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले में आज कलेक्टर श्रीमती नेहा मारव्या की अध्यक्षता में जनसुनवाई आयोजित की गई, जिसमें जिले भर से आए नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याएं और शिकायतें अधिकारियों के सामने रखीं। जनसुनवाई में कुल 75 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया गया। जिन मामलों में तुरंत समाधान संभव नहीं था, उनमें आवेदकों को निश्चित समय-सीमा में निपटारा का आश्वासन दिया गया।

जनसुनवाई में सीईओ जिला पंचायत अनिल कुमार राठौर, अपर कलेक्टर जेपी यादव, एसडीएम डिंडौरी भारती मेरावी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। ग्राम कुटेलीदादर के ग्रामीणों ने जनमन योजना अंतर्गत प्रधानमंत्री सड़क निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने की मांग की। उनका कहना था कि अधूरा कार्य बंद होने से विद्यार्थियों और आमजन को पांच किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है।

ग्राम जमुनिया के आवेदक ने प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना 2018 के तहत आवास न मिलने की शिकायत की। ग्राम बरबसपुर के ग्रामीणों ने सामुदायिक भवन निर्माण की मांग की। ग्राम चटुवा के लोगों ने जर्जर विद्युत तारों की मरम्मत और नियमित बिजली आपूर्ति की माँग की। ग्रामीणों ने बताया कि टूटे तारों से हादसों का खतरा बना रहता है और पर्याप्त रोशनी न होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

ग्राम पंकू टोला के ग्रामीणों ने बरसात में कच्चे रास्तों की समस्या बताई और वैकल्पिक सड़क निर्माण के लिए मंजूरी व राशि उपलब्ध कराने की मांग की। ग्राम बिलासर की महिलाओं ने तालाब में मछली पालन कार्य पर रोक और इससे जुड़ी परेशानियों की शिकायत की। इसके अलावा अन्य ग्रामीणों ने पेयजल, राजस्व भूमि विवाद और शासकीय योजनाओं से जुड़ी समस्याएं भी अधिकारियों के समक्ष रखीं। कलेक्टर ने सभी समस्याओं को गंभीरता से लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *