मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले में कलेक्टर नेहा मारव्या की अध्यक्षता में समय-सीमा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में जिले के विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक की शुरुआत विद्यालयों में बच्चों के नामांकन की स्थिति की समीक्षा से हुई। कलेक्टर ने सभी बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जल जीवन मिशन, जल गंगा संवर्धन अभियान, मनरेगा अंतर्गत अमृत सरोवर, खेत तालाब एवं वृक्षारोपण कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई। जल गंगा अभियान और वृक्षारोपण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
खनिज अधिकारी को अवैध खनन पर सख्ती बरतते हुए जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश मिले। भवन हैंडओवर की प्रक्रिया में तकनीकी समिति की रिपोर्ट अनिवार्य करने को कहा गया। तहसीलदारों व एसडीएम को राजस्व प्रकरणों के निराकरण, वसूली, आपदा राहत एवं पीएम किसान निधि पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों पर कारण बताओ नोटिस जारी करने और विद्युत सब-स्टेशनों के आसपास से अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा वेयरहाउस निरीक्षण, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, नामांतरण-सीमांकन, ई-केवाईसी, राशन कार्ड एवं खाद्य योजनाओं की समीक्षा भी की गई।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुँचना चाहिए। बैठक में अपर कलेक्टर जेपी यादव सहित जिले के सभी एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
