District Level Tourism Quiz: जिला स्तरीय टूरिज्म क्विज प्रतियोगिता आयोजित, विजेता टीमें राज्य स्तर पर करेंगी प्रतिनिधित्व

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने एवं विद्यार्थियों में जागरूकता लाने के उद्देश्य से मेकलसुता महाविद्यालय डिण्डौरी में जिला स्तरीय टूरिज्म क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के शासकीय एवं निजी हाई तथा हायर सेकेंडरी विद्यालयों के कुल 309 विद्यार्थियों ने भाग लिया। तीन-तीन छात्रों की टीम बनाकर प्रतिभागियों ने अपनी ज्ञान क्षमता का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता दो चरणों में आयोजित हुई। पहले चरण में मध्यप्रदेश के पर्यटन, पुरातत्व और संस्कृति विषय पर आधारित लिखित परीक्षा हुई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छह टीमों का चयन किया गया — सीएम राइज स्कूल धनुवासागर, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय डिण्डौरी, शासकीय आदर्श विद्यालय करंजिया, महर्षि एंग्लो वैदिक स्कूल गाड़ासरई, राजूषा हायर सेकेंडरी स्कूल डिण्डौरी और सीएम राइज स्कूल राई।

दूसरे चरण में मल्टीमीडिया राउंड आयोजित किया गया जिसमें ऑडियो-वीडियो आधारित प्रश्नों के माध्यम से क्विज मास्टर अश्विनी कुमार साहू ने विद्यार्थियों की पर्यटन संबंधी जानकारी परखने के लिए रोचक प्रश्न पूछे। दर्शकों के लिए भी सवाल रखे गए, जिससे आयोजन में उत्साह और रोमांच का माहौल बना रहा।

अंततः सीएम राइज स्कूल धनुवासागर, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय डिण्डौरी और शासकीय आदर्श विद्यालय करंजिया विजेता टीमों के रूप में चयनित हुईं। ये टीमें अब राज्य स्तरीय टूरिज्म क्विज प्रतियोगिता में डिण्डौरी जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।

मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड की ओर से विजेता टीमों को मेडल, प्रशस्ति पत्र और 3 दिन / 2 रात के पर्यटन भ्रमण कूपन प्रदान किए गए, वहीं उपविजेता टीमों को 2 दिन / 1 रात के भ्रमण कूपन व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यार्थियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं शिक्षा समिति सभापति अंजू ब्यौहार, डीपीसी डॉ. राघवेन्द्र मिश्रा, डीएटीसीसी प्रभारी सुनीता सोनी, मेकलसुता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बिहारी लाल द्विवेदी, पर्यटन बोर्ड से रविन्द्र चौधरी, सहायक संचालक सुमन परस्ते, आशीष पांडे सहित बड़ी संख्या में शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *