Green Mission : हरियाली यात्रा में कलश यात्रा व पौध वितरण, लिया संरक्षण का संकल्प….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वाधान में विकासखंड शहपुरा के अंतर्गत नवांकुर सखी हरियाली यात्रा का आयोजन सेक्टर मानिकपुर के ग्राम देवगांव माल और ग्राम रैपुरा में किया गया। वसुंधरा ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति द्वारा चयनित नवांकुर सखियों के नेतृत्व में कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।

इस अवसर पर सभी उपस्थित महिलाओं को पौधे वितरित किए गए और उनके संरक्षण का संकल्प भी दिलाया गया। कार्यक्रम के दौरान नवांकुर सखी योजना के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए यह बताया गया कि समाज के सहयोग से वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में मिलकर कार्य करना आवश्यक है। महिलाओं को इस अभियान से जोड़ना और उन्हें पर्यावरण के प्रति जागरूक करना इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य रहा।

कार्यक्रम की रूपरेखा सेक्टर समन्वयक शंभू विश्वकर्मा एवं ब्लॉक समन्वयक श्रीमती निलेश्वरी द्वारा प्रस्तुत की गई। इस अवसर पर मानिकपुर मंडल अध्यक्ष गोलू हीरेंद्र सिंह मरावी, वरिष्ठ नेता दयाल सिंह मरावी, मोहन झारिया, जनपद सदस्य झनक लाल झरिया, ग्राम सरपंच भारत मरावी, कैलाश सिंह धुर्वे सहित कई जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में सहभागी सभी लोगों ने पौधारोपण को जनअभियान बनाने और हर घर में एक पौधा लगाने का संकल्प लिया। ग्रामवासियों के उत्साह और सहभागिता ने कार्यक्रम को सफल और प्रेरणादायी बना दिया।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *