भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस के प्रशासनिक कामकाज को सुचारु बनाए रखने के लिए गृह विभाग ने 14 आईपीएस अधिकारियों के प्रशिक्षण में शामिल होने के दौरान उनके पदों की वैकल्पिक कार्यव्यवस्था को मंजूरी दे दी है। इस संबंध में गृह विभाग मंत्रालय, वल्लभ भवन भोपाल से 3 नवंबर 2026 को आदेश जारी किया गया है। आदेश में प्रदेश के अलग-अलग जिलों, पुलिस रेंज, नगरीय पुलिस और विशेष सशस्त्र बल की इकाइयों में पदस्थ अधिकारियों के कार्यभार की जिम्मेदारी दूसरे अधिकारियों को सौंपने का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया है।
दरअसल, हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी (SVP NPA) में 26 अक्टूबर से 20 नवंबर 2026 तक 28वां मिड करियर ट्रेनिंग प्रोग्राम (MCTP) फेज-III आयोजित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में मध्यप्रदेश कैडर के 14 आईपीएस अधिकारी शामिल हो रहे हैं। प्रशिक्षण अवधि में संबंधित अधिकारियों के नियमित दायित्वों और प्रशासनिक कामकाज में व्यवधान न आए, इसके लिए पुलिस मुख्यालय ने वैकल्पिक कार्यव्यवस्था का प्रस्ताव गृह विभाग को भेजा था। गृह विभाग ने प्रस्ताव पर सहमति प्रदान कर दी है।
डिंडौरी एसपी आशीष खरे की जिम्मेदारी सुनील तिवारी को
जारी आदेश में डिंडौरी जिले के पुलिस अधीक्षक आशीष खरे (भापुसे 2016) के कार्यभार को लेकर भी महत्वपूर्ण व्यवस्था की गई है। उनके प्रशिक्षण में शामिल रहने के दौरान पुलिस अधीक्षक डिंडौरी का कार्यभार सुनील तिवारी (भापुसे 2016), सेनानी 36वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल बालाघाट को सौंपने के प्रस्ताव पर सहमति दी गई है। इससे प्रशिक्षण अवधि के दौरान जिले की पुलिस प्रशासनिक व्यवस्था का संचालन वैकल्पिक जिम्मेदारी के तहत किया जाएगा।
ग्वालियर पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के कार्यभार के लिए 13वीं वाहिनी विसबल ग्वालियर के सेनानी श्रुतकीर्ति सोमवंशी को जिम्मेदारी प्रस्तावित की गई है। मध्यप्रदेश पुलिस अकादमी भौंरी के उप निदेशक रामजी श्रीवास्तव के स्थान पर पीटीएस भौंरी की पुलिस अधीक्षक रश्मि पाण्डेय को कार्यभार सौंपने की व्यवस्था की गई है। रायसेन पुलिस अधीक्षक आशुतोष के स्थान पर पुलिस अधीक्षक रेल भोपाल अंकित जायसवाल को जिम्मेदारी देने पर सहमति बनी है।
भोपाल नगरीय पुलिस के उपायुक्त जोन-2 विकास कुमार साहवाल के स्थान पर उपायुक्त जोन-3 आयुष गुप्ता को कार्यभार सौंपने का प्रस्ताव भी स्वीकार किया गया है। इसी तरह पुलिस मुख्यालय भोपाल में पदस्थ मनीष खत्री के स्थान पर हेलेन सोनाली सूना, रेल पुलिस जबलपुर के पुलिस अधीक्षक सुंदर सिंह कनेश के स्थान पर 6वीं वाहिनी विसबल जबलपुर के सेनानी सिद्धार्थ चौधरी को कार्यभार देने की व्यवस्था की गई है।
बड़वानी पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ला के स्थान पर 24वीं वाहिनी विसबल जावरा के सेनानी विनोद कुमार सिंह, आगर मालवा पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी के स्थान पर 32वीं वाहिनी विसबल उज्जैन के सेनानी दीपक कुमार शुक्ला तथा अनूपपुर पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराव के स्थान पर पुलिस मुख्यालय में पदस्थ अंकित सोनी को जिम्मेदारी देने की सहमति दी गई है। मऊगंज पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र कुमार जैन के स्थान पर महिला सुरक्षा शाखा पुलिस मुख्यालय भोपाल के मनोहर सिंह मंडलोई को कार्यभार सौंपने का प्रस्ताव भी मंजूर किया गया है।
प्रशिक्षण अवधि तक रहेगी वैकल्पिक व्यवस्था
गृह विभाग का यह आदेश नियमित तबादला या नई पदस्थापना से संबंधित नहीं है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम की अवधि के दौरान संबंधित अधिकारियों के वर्तमान पदों का कामकाज संभालने के लिए की गई अस्थायी प्रशासनिक व्यवस्था है। आदेश के अनुसार प्रशिक्षण कार्यक्रम 20 नवंबर 2026 तक निर्धारित है। इस व्यवस्था के बाद प्रदेश के विभिन्न जिलों और पुलिस इकाइयों का प्रशासनिक कामकाज वैकल्पिक अधिकारियों के माध्यम से संचालित किया जाएगा।

