— 9 राज्यों में एक महीने से अधिक समय तक चली तलाश, 2500 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस के हाथ लगा आरोपी, शॉर्ट एनकाउंटर में घायल
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में रिटायर्ड आईएएस अधिकारी की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे हत्या के आरोपी वरुण वाल्मीकि को पुलिस की संयुक्त टीम ने आगरा के पास से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
जानकारी के अनुसार, आरोपी की तलाश में भोपाल क्राइम ब्रांच, जोन-1 पुलिस और एसआईटी की संयुक्त टीम लगातार जुटी हुई थी। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए एक महीने से अधिक समय तक अभियान चलाया। इस दौरान देश के 9 राज्यों में उसकी तलाश की गई और 2500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। लगातार निगरानी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आखिरकार पुलिस टीम को आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली।
बताया गया कि आरोपी घरेलू नौकर के रूप में काम कर रहा था। हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद वह ट्रेन से फरार हो गया था और लगातार अपनी पहचान छिपाकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने भागने और पुलिस टीम पर हमला करने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस की कार्रवाई में शॉर्ट एनकाउंटर हुआ, जिसमें आरोपी घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे अपने कब्जे में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
इस गिरफ्तारी को भोपाल पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। नौ राज्यों में तलाश, हजारों सीसीटीवी फुटेज की जांच और लगातार पीछा करने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी से हत्याकांड की जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच करेगी।

