— स्कूल शिक्षा विभाग ने जारी किया शैक्षणिक कैलेंडर, 6 से 10 नवंबर तक दिवाली की छुट्टियां और 31 दिसंबर से 4 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश
भोपाल। मध्यप्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए छुट्टियों को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। स्कूल शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अवकाश का कैलेंडर जारी किया है। इसके अनुसार दीपावली के अवसर पर विद्यार्थियों और शिक्षकों को लगातार पांच दिन का अवकाश मिलेगा, जबकि नए साल के मौके पर शीतकालीन छुट्टियां भी घोषित की गई हैं।
स्कूल शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार दीपावली का अवकाश 6 नवंबर से 10 नवंबर 2026 तक निर्धारित किया गया है। इस दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों दोनों को छुट्टी रहेगी। यानी स्कूलों में लगातार पांच दिनों तक शैक्षणिक गतिविधियां बंद रहेंगी।
इसी तरह शीतकालीन अवकाश 31 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक रहेगा। इस अवधि में भी विद्यार्थियों और शिक्षकों को लगातार पांच दिन का अवकाश मिलेगा। शीतकालीन छुट्टियों के चलते विद्यार्थी नए साल का स्वागत छुट्टियों के बीच कर सकेंगे। स्कूल शिक्षा विभाग के इस आदेश से प्रदेश के विद्यार्थियों और शिक्षकों को दीपावली एवं नए साल के दौरान मिलने वाली छुट्टियों की तारीखें स्पष्ट हो गई हैं।


