Dindori News : शिक्षक प्यारे लाल मौहारी सेवानिवृत्त, विद्यालय परिवार और ग्रामीणों ने दी भावभीनी विदाई…..

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

30 वर्षों तक शिक्षा के क्षेत्र में दी सेवाएं, शिक्षाकर्मियों के अधिकारों की लड़ाई में भी निभाई सक्रिय भूमिका

डिंडौरी। विकासखंड समनापुर के माध्यमिक विद्यालय खाम्ही में पदस्थ शिक्षक प्यारे लाल मौहारी 62 वर्ष की आयु पूर्ण करने के बाद शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हो गए। उनके सेवानिवृत्त होने पर विद्यालय परिसर में विदाई समारोह आयोजित किया गया, जिसमें संकुल प्राचार्य, विद्यालय के समस्त शिक्षक-कर्मचारी, छात्र-छात्राओं और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उपस्थित होकर उन्हें भावभीनी विदाई दी।

शिक्षक प्यारे लाल मौहारी ने अपने सेवाकाल की शुरुआत शिक्षाकर्मी के रूप में की थी। लगभग 30 वर्षों तक शिक्षा के क्षेत्र में सेवाएं देते हुए उन्होंने शैक्षणिक दायित्वों का निर्वहन किया। शिक्षण कार्य के साथ-साथ वे शिक्षाकर्मियों के अधिकारों और उनके हितों की लड़ाई में भी सक्रिय रहे। प्रथम नियुक्ति दिनांक से सेवा की गणना, वरिष्ठता का लाभ, पुरानी पेंशन योजना और शिक्षाकर्मियों को मूल विभाग में संविलियन जैसे मुद्दों को लेकर उन्होंने संगठन के माध्यम से लगातार संघर्ष किया।

शासकीय शिक्षक संगठन जिला डिंडौरी के अध्यक्ष रामकुमार गर्ग ने कहा कि शिक्षाकर्मियों के अधिकारों के लिए संघर्ष में प्यारे लाल मौहारी का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने संगठन के साथ मिलकर शिक्षाकर्मियों के हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाया और उनके अधिकारों की लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

विदाई समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने उनके सेवाकाल, समर्पण और सहयोगपूर्ण व्यवहार को याद करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह का माहौल भावुक रहा। विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *