दीपावली से पहले स्वामित्व योजना की 22 हजार से अधिक शेष रजिस्ट्रियां पूरी करने का लक्ष्य, किसानों को ट्रैक्टर-बुलेट और स्कूटी देकर किया सम्मानित
डिंडौरी। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट खेल मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रम, सम्मान समारोह एवं विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान जिले की आदिवासी लोकसंस्कृति की झलक देखने को मिली। लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। वहीं कार्यक्रम में कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने अधिकारियों-कर्मचारियों को जिम्मेदारियों के निर्वहन में किसी भी प्रकार की खानापूर्ति नहीं करने की नसीहत देते हुए पूरी ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से काम करने का संदेश दिया।
कलेक्टर ने कहा कि मध्यप्रदेश स्थापना दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि अपने दायित्वों और जिम्मेदारियों के प्रति नए संकल्प लेने का भी दिन है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन महज औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए। प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का वास्तविक लाभ पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। सीमित संसाधनों में भी बेहतर परिणाम देने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को समर्पण एवं कार्य के प्रति प्रतिबद्धता के साथ काम करना होगा।
उन्होंने कृषि क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि किसानों को खाद-बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करना और उनका पंजीयन कराना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री कृषि धन-धान्य योजना में मध्यप्रदेश का देश में प्रथम स्थान प्राप्त करना गौरव की बात है। आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाएं भी कृषि गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
दीपावली से पहले पूरी करनी हैं शेष रजिस्ट्रियां
स्वामित्व योजना की प्रगति की जानकारी देते हुए कलेक्टर ने बताया कि जिले में कुल 39,317 रजिस्ट्रियां पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके विरुद्ध 31 अक्टूबर 2026 तक लगभग 17 हजार रजिस्ट्रियां पूरी की जा चुकी हैं। शेष रजिस्ट्रियों को दीपावली से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को उनके अधिकारों के दस्तावेज उपलब्ध कराना दीपावली पर एक विशेष उपहार साबित होगा। स्वास्थ्य, शिक्षा सहित सभी महत्वपूर्ण क्षेत्रों में बेहतर काम करते हुए जिले को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
विधायक ने गिनाईं प्रदेश और जिले की उपलब्धियां
मुख्य अतिथि विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने प्रदेश एवं जिलेवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश ने गठन के बाद से विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, अधोसंरचना और जनकल्याण के क्षेत्र में प्रदेश अपनी अलग पहचान बना रहा है। उन्होंने बताया कि गेहूं उत्पादन में मध्यप्रदेश देश में दूसरे स्थान पर है। सरसों, धान, सोयाबीन और मोटे अनाज के उत्पादन में भी प्रदेश ने महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कृषि धन-धान्य योजना में डिंडौरी को राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम पुरस्कार मिलना जिले के लिए गौरव की बात है। वहीं जल गंगा संवर्धन अभियान में जिले ने देश में तीसरा और मध्यप्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। ये उपलब्धियां किसानों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों और आम नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम हैं।
विधायक ने जिले में संचालित शासकीय मॉडल विद्यालयों, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों, सांदीपनि विद्यालयों, महाविद्यालयों और कन्या परिसरों का उल्लेख करते हुए कहा कि दूरस्थ ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, विद्युत व्यवस्था, सड़क निर्माण और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी।
कृषि क्विज के विजेताओं को ट्रैक्टर, बुलेट और स्कूटी
किसान कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत कृषि लोकोत्सव-2026 में किसान कल्याण स्वाभिमान कार्यक्रम के तहत आयोजित ऑनलाइन कृषि क्विज प्रतियोगिता के जिले के विजेताओं को स्थापना दिवस समारोह में विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने पुरस्कार प्रदान किए। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विकास ठाकुर को 7 लाख 26 हजार रुपये मूल्य का ट्रैक्टर, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले गिरीश कुमार को 1 लाख 68 हजार रुपये मूल्य की बुलेट मोटरसाइकिल और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मूलचंद परस्ते को 1 लाख 20 हजार रुपये मूल्य की स्कूटी प्रदान की गई।
मेधावी छात्रा को एक लाख रुपये की छात्रवृत्ति
कार्यक्रम में भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली शासकीय चन्द्रविजय महाविद्यालय की छात्रा संध्या परस्ते को वर्ष 2026 के लिए एक लाख रुपये की छात्रवृत्ति देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा स्वामित्व योजना में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पटवारियों और बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रेश परस्ते ने भी स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए जिले की आदिवासी संस्कृति, लोक विरासत और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने लोगों से योजनाओं का लाभ उठाकर जिले के विकास में सहभागी बनने की अपील की।
कार्यक्रम में कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रेश परस्ते, जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी, वनमंडलाधिकारी अशोक सोलंकी, प्रभारी पुलिस अधीक्षक सुनील तिवारी, अपर कलेक्टर जे.पी. यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष चमरू तेकाम, पूर्व विधायक दुलीचंद उरैती सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

