— मवेशी चराने गए थे लालू सिंह, बुधवार से थे लापता; इसी क्षेत्र में हाथी के हमले से एक अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल…
मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले में मेहंदवानी वन परिक्षेत्र में जंगली हाथी के हमले से एक बुजुर्ग की मौत का मामला सामने आया है। शुक्रवार को डोभी गांव के पास हाथियों की आवाजाही वाले क्षेत्र में 65 वर्षीय बुजुर्ग का शव मिलने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। मृतक की पहचान लालू सिंह पिता गोरे लाल, निवासी मटियारी के मोहल्ला करिया ददरा के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लालू सिंह मवेशी चराने के लिए घर से निकले थे। इसके बाद वह वापस नहीं लौटे और बुधवार से लापता थे। शुक्रवार को डोभी गांव के पास हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्र में उनका शव मिला। प्रारंभिक जानकारी में हाथी के हमले को मौत की वजह बताया जा रहा है। हालांकि, घटना की परिस्थितियों और मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
एक ही क्षेत्र में दूसरी घटना से बढ़ी चिंता
उल्लेखनीय है कि बुधवार को इसी क्षेत्र में जंगली हाथी के हमले में मंगल सिंह परस्ते गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनका उपचार जारी है। अब इसी इलाके में बुजुर्ग की मौत की घटना सामने आने के बाद ग्रामीणों में भय और चिंता का माहौल है।
लगातार दो घटनाओं के सामने आने से हाथियों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में ग्रामीणों की सुरक्षा का सवाल उठने लगा है। ऐसे में वन विभाग के सामने प्रभावित क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और ग्रामीणों को सतर्क करने की चुनौती है। ग्रामीणों को भी हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में जाने से बचने और किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग को देने की आवश्यकता है।
