संभागायुक्त धनंजय सिंह भदौरिया ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से की समीक्षा, सीएम हेल्पलाइन और जनविश्वास अभियान के लंबित प्रकरणों के निराकरण पर दिया जोर
डिंडौरी। दीपावली पर्व के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावट की आशंका को देखते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। संभागायुक्त धनंजय सिंह भदौरिया ने अधिकारियों को खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी जांच कराने तथा आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा है।
बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में संभागायुक्त ने दीपावली पर्व और बदलते मौसम के मद्देनजर स्वास्थ्य एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरतने और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर निगरानी रखने के निर्देश दिए, ताकि त्योहार के दौरान लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
बैठक में स्वामित्व योजना, सीएम हेल्पलाइन और मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई। संभागायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से योजनाओं के तहत किए जा रहे कार्यों की जानकारी लेते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने और जनहित से जुड़े कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। बैठक में कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया, जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी, एसडीएम रामबाबू देवांगन, डिप्टी कलेक्टर अक्षय डिगरसे, डिप्टी कलेक्टर प्रियांशी जैन सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

