डिंडौरी। जिले के करंजिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झनकी के साप्ताहिक बाजार में ईको वाहन से हुई दुर्घटना के मामले में पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। 23 अक्टूबर 2026 को हुई इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान एक अन्य घायल ने दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम झनकी के साप्ताहिक बाजार में ईको वाहन क्रमांक MP 52 ZA 3745 के चालक पर कथित रूप से जानबूझकर भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में वाहन घुसाने का आरोप है। घटना की सूचना मिलते ही करंजिया पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अपराध क्रमांक 227/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1), 105, 125(a) एवं 281 में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।
विवेचना के बाद आरोपी गिरफ्तार
मामले की जांच के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) के निर्देशानुसार तथा थाना प्रभारी निरीक्षक एस.एस. उसराठे के मार्गदर्शन में फरियादी और साक्षियों के बयान दर्ज किए गए। विवेचना के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 27 अक्टूबर 2026 को आरोपी सुरजीत मरावी (25), पिता परषोतम मरावी, निवासी करौंदी रैयत, चौकी गोपालपुर, थाना करंजिया, जिला डिंडौरी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के मुताबिक, न्यायालय से रिमांड मिलने के बाद आरोपी को जिला जेल में दाखिल करा दिया गया है। मामले में पुलिस की विवेचना जारी है।
