BREAKING NEWS : डिंडौरी के झनकी गांव में तेज रफ्तार ईको कार का कहर, एक की मौत ! आठ घायल होने की खबर…

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

 

 

बीच बाजार में कई लोगों को मारी टक्कर, तीन की हालत गंभीर; आक्रोशित ग्रामीणों ने कार में लगाई आग, पुलिस बल रवाना

 

मध्यप्रदेश के डिंडौरी  जिले के करंजिया थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपालपुर पुलिस चौकी के ग्राम झनकी में शुक्रवार देर शाम साप्ताहिक बाजार के दौरान तेज रफ्तार ईको कार की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। मृतक की पहचान सहजना गांव निवासी उत्तम धुर्वे उर्फ बिच्छू (लगभग 27 वर्ष) के रूप में बताई गई है। हादसे में तीन घायलों की हालत गंभीर होने की जानकारी सामने आई है।

जानकारी के अनुसार, झनकी में प्रत्येक शुक्रवार को साप्ताहिक बाजार लगता है। शुक्रवार शाम बाजार में लोगों की भीड़ थी। इसी दौरान तेज रफ्तार ईको कार अनियंत्रित होकर बाजार में घुस गई और कई लोगों को टक्कर मार दी। अचानक हुए हादसे से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

दुर्घटना में उत्तम धुर्वे की मौके पर ही मौत होने की जानकारी है। वहीं, अन्य घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि पांच से छह घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बजाग में भर्ती कराया गया है, जबकि तीन घायलों की हालत गंभीर है। हालांकि, घायलों की कुल संख्या और उनकी स्थिति की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त ईको कार में आग लगा दी। जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर विरोध भी जताया। इस दौरान मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों के बीच नोकझोंक होने की खबर है।

घटना की सूचना मिलने पर एसडीओपी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। घटनास्थल पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। हादसे के कारणों और वाहन चालक की भूमिका को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना शेष है।

झनकी के साप्ताहिक बाजार में हुई इस घटना से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। दुर्घटना में घायलों की वास्तविक संख्या, उनकी स्थिति और मामले में पुलिस की कार्रवाई से संबंधित आधिकारिक जानकारी मिलने का इंतजार है।

आगे की जानकारी मिलने पर खबर अपडेट की जाएगी।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *