— मध्य प्रदेश के आशीष झाला को राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेदारी, विभिन्न राज्यों के नेताओं को भी मिली जगह…
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की नई टीम घोषित की है। जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आदेश पर विभिन्न राज्यों के नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।
घोषित सूची में मध्य प्रदेश के आशीष झाला को भारतीय जनता युवा मोर्चा का राष्ट्रीय मंत्री नियुक्त किया गया है। उनके साथ महाराष्ट्र, राजस्थान, पंजाब, झारखंड, बिहार और असम सहित विभिन्न राज्यों के नेताओं को भी राष्ट्रीय टीम में स्थान दिया गया है।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद पर शगुन परिहार, निखिल मणि तिवारी, अरविंद दमानी, मालोथ कोमली नाइक, राज राजेंद्र सिंह, सौमेन करफा और भूपेंद्र नाग को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, अर्पिता अपराजिता बडजेना, हर्ष वर्धन सिंह और वामशी कृष्णा को राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किया गया है।
राष्ट्रीय मंत्री के पद पर असम के बिस्वजीत खौंड, मध्य प्रदेश के आशीष झाला, महाराष्ट्र की सयाली रघुनाथ कुलकर्णी, राजस्थान के हिमांशु शर्मा, पंजाब के अरमानजोत बरार, झारखंड के अमन यादव और बिहार के राहुल झा को नियुक्त किया गया है।
संगठन के वित्तीय एवं कार्यालयीन दायित्वों के तहत उत्तर प्रदेश के विनीत वत्स त्यागी को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष, राजस्थान के देवव्रत सिंह राजावत को राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष, गुजरात के ध्रुव पंडित को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी और दिल्ली के मोहित सोनी को राष्ट्रीय कार्यालय सह-प्रभारी बनाया गया है।
इसके अलावा, तेलंगाना की अखिला बंदम को नीति एवं शोध प्रभारी नियुक्त किया गया है। गुजरात के रंगम त्रिवेदी, तेलंगाना के कमल मदीशेट्टी और हरियाणा की डॉ. रमा बल्हारा को नीति एवं शोध सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
मीडिया विभाग में बिहार के हिमांशु यादव को प्रभारी बनाया गया है, जबकि दिल्ली की शिवानी सिंह, हिमाचल प्रदेश के अतुल ठाकुर और दिल्ली के विशु बसोया को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। सोशल मीडिया विभाग में दिल्ली की अपूर्वा सिंह को प्रभारी और बिहार के मानवेंद्र चौहान को सह-प्रभारी बनाया गया है।
पार्टी की ओर से जारी इस सूची में विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों को राष्ट्रीय संगठन में जिम्मेदारी दी गई है। नियुक्तियों की घोषणा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद हेमांग जोशी के हस्ताक्षर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से की गई है।



