— शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखने का लिया संकल्प
डिंडौरी। विजयादशमी के पावन अवसर पर पुलिस लाइन स्थित रक्षित केंद्र डिंडौरी में पारंपरिक शस्त्र पूजन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया एवं पुलिस अधीक्षक आशीष खरे ने विधि-विधान के साथ शस्त्र पूजन किया।
विजयादशमी के अवसर पर आयोजित इस समारोह में पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने भी शस्त्रों का पूजन कर जिले में शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया। यह आयोजन पुलिस विभाग की परंपरा, कर्तव्यनिष्ठा और जनसुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
विजयादशमी को बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक माना जाता है। इसी परंपरा के तहत शस्त्र पूजन का विशेष महत्व है। इस अवसर पर पुलिस बल ने नागरिकों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने के संकल्प को दोहराया।

