MP Crime News: 735 किलो गांजा जब्त, UP और झारखंड के दो आरोपी गिरफ्तार….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

— एक करोड़ 13 लाख 55 हजार रुपये का मशरूका बरामद, उत्तर प्रदेश और झारखंड के दो आरोपी गिरफ्तार

मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 735 किलो 440 ग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त गांजा, ट्रक और मोबाइल फोन सहित कुल मशरूके की कीमत करीब एक करोड़ 13 लाख 55 हजार रुपये आंकी गई है। मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश और झारखंड के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

— ये रहा पूरा मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जयसिंहनगर थाना पुलिस को नशे की तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई के दौरान एक संदिग्ध ट्रक के संबंध में जानकारी मिली थी। पुलिस ने शहडोल-रीवा मुख्य मार्ग पर वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक में चालक की सीट के पीछे छिपाकर रखी गई 18 बोरियों और 81 पैकेटों से 735 किलो 440 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने मौके से ट्रक में सवार राहुल विश्वकर्मा (36), निवासी जिला आजमगढ़, उत्तर प्रदेश और नारायण मंडल (50), निवासी जिला गिरिडीह, झारखंड को गिरफ्तार किया। दोनों से पूछताछ कर गांजे की तस्करी से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, जब्त गांजे की कीमत लगभग 73 लाख 50 हजार रुपये, ट्रक की कीमत करीब 40 लाख रुपये तथा तीन मोबाइल फोन की कीमत लगभग पांच हजार रुपये आंकी गई है। इस प्रकार कुल जब्ती की अनुमानित कीमत एक करोड़ 13 लाख 55 हजार रुपये बताई गई है।

मामले में जयसिंहनगर थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस तस्करी के स्रोत, गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था, जैसे पहलुओं की जांच कर रही है। इस कार्रवाई में जयसिंहनगर थाना पुलिस और साइबर सेल की टीम की भूमिका रही।

 

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *