— 701 मतदान केन्द्रों पर लगेंगे विशेष कैम्प, 18 वर्ष पूरे करने वाले युवाओं का होगा विशेष पंजीयन
डिंडौरी। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद जिले में मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए घर-घर सत्यापन अभियान शुरू कर दिया गया है। अभियान के तहत जिले में चिन्हित 9,013 शिफ्टेड एवं अनुपस्थित मतदाताओं का सत्यापन प्राथमिकता से किया जा रहा है। बीएलओ संबंधित मतदाताओं के घर पहुंचकर उनके वर्तमान निवास सहित आवश्यक जानकारी का सत्यापन कर रहे हैं।
सत्यापन के दौरान स्थानांतरित या अनुपस्थित पाए जाने वाले मतदाताओं से संबंधित जानकारी जुटाकर नियमानुसार मतदाता सूची को अपडेट किया जाएगा। वहीं पात्र मतदाताओं के नाम सूची में बनाए रखने तथा अपात्र या स्थानांतरित मतदाताओं के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
701 मतदान केन्द्रों पर विशेष कैम्प
मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य को आसान बनाने के लिए जिले के सभी 701 मतदान केन्द्रों पर विशेष कैम्प आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम जांच सकेंगे। नाम नहीं होने की स्थिति में नाम जोड़ने, नाम या पते में संशोधन, स्थानांतरण सहित अन्य आवश्यक कार्यों के लिए निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से आवेदन किया जा सकेगा।
18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं का विशेष पंजीयन
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत 01 जनवरी 2027 की स्थिति में 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को मतदाता सूची में शामिल करने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके लिए जिले के महाविद्यालयों और हायर सेकेंडरी स्कूलों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में युवाओं को मतदाता पंजीयन की प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ पात्र युवाओं का पंजीयन कराया जाएगा।
अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी जे.पी. यादव ने जिले के पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपने नाम की जांच अवश्य करें। यदि नाम दर्ज नहीं है अथवा नाम, पता, आयु आदि में किसी प्रकार की त्रुटि है, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक सुधार एवं पंजीयन की कार्रवाई कराएं।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन की आधारशिला है। उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद घर-घर सत्यापन के माध्यम से 9,013 शिफ्टेड एवं अनुपस्थित मतदाताओं का सत्यापन प्राथमिकता से किया जा रहा है। साथ ही मतदान केन्द्रों, महाविद्यालयों और हायर सेकेंडरी स्कूलों में विशेष शिविर लगाकर नए पात्र मतदाताओं का पंजीयन सुनिश्चित किया जाएगा।
पिण्डरूखी के मतदान केन्द्र क्रमांक 178 पर भी विशेष शिविर
मतदान केन्द्र क्रमांक 178, ग्राम पिण्डरूखी में मतदाताओं के नाम जोड़ने सहित मतदाता सूची से जुड़े अन्य आवश्यक कार्य किए गए। मतदाताओं की सुविधा और सूची को अद्यतन करने के उद्देश्य से 07, 08 एवं 09 अक्टूबर 2026 को विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। पात्र नागरिक इन शिविरों में नाम जुड़वाने और मतदाता सूची से संबंधित अन्य कार्यों के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर सकेंगे।
कलेक्टर ने नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि वे विशेष कैम्प में पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम जांचें और पात्र होने पर मतदाता के रूप में अपना पंजीयन अवश्य कराएं। उन्होंने बीएलओ एवं संबंधित अधिकारियों को सत्यापन कार्य पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ करने तथा पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल करने के निर्देश दिए हैं।

