डिंडौरी। एकीकृत माध्यमिक विद्यालय जोगीग्वारा में 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती उत्साहपूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत संस्था प्रमुख द्वारा महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई।
इस अवसर पर बाल कैबिनेट के प्रधानमंत्री इंशात पेंदो एवं उपप्रधानमंत्री केशमा बंजारा सहित विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धासुमन अर्पित किए। विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी के प्रिय भजनों का गायन भी किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के विचारों से अवगत कराया गया। वहीं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, सादगी, ईमानदारी और देश के प्रति समर्पण पर प्रकाश डाला गया। उनके प्रसिद्ध नारे “जय जवान, जय किसान” के माध्यम से देश की सुरक्षा में जवानों और खाद्य उत्पादन में किसानों के योगदान को रेखांकित किया गया।
जयंती के अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वच्छता अभियान चलाकर स्कूल परिसर की साफ-सफाई की। विद्यार्थियों ने स्वच्छ परिसर और स्वच्छ वातावरण का संदेश देते हुए सफाई के प्रति जागरूकता का परिचय दिया।
