भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंत्रालय में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की समीक्षा करते हुए प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टर्स एवं पुलिस अधीक्षकों को यात्रियों को व्यवस्थित और सुगम बस परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन नागरिकों और बस ऑपरेटर्स के बीच समन्वय बनाकर वर्तमान रूट्स पर बसों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बंद पड़े डिपो और टर्मिनल को उपयोगी बनाया जाए तथा आवश्यकता के अनुसार नए बस स्टॉप और बस स्टैंड विकसित किए जाएं। बसों का संचालन निर्धारित परमिट के अनुसार अनुशासित तरीके से सुनिश्चित करने के साथ निजी बसों की फिटनेस, परमिट और ड्राइवरों के संचालन एवं व्यवहार का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि बसों के बाधारहित संचालन के लिए थाना एवं ट्रैफिक पुलिस का आवश्यक सहयोग लिया जाए। यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस, परिवहन विभाग और बस ऑपरेटर्स सहित सभी संबंधित एजेंसियों के बीच प्रभावी समन्वय जरूरी है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि अगले पांच वर्षों में प्रदेश में 14,981 बसों के संचालन का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के तहत पूर्व से संचालित फिट बसों का भी उपयोग किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य प्रदेश के विभिन्न जिलों और मार्गों पर यात्रियों को व्यवस्थित, सुरक्षित और सुगम सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।
