Dindori News : मुड़की हाई स्कूल में सेवा और संकल्प कार्यक्रम, विद्यार्थियों को बताया विकसित भारत 2047 का संकल्प….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

 

डिंडौरी। शासकीय हाई स्कूल मुड़की, डिंडौरी में ‘मेरे सपनों का भारत—विकसित भारत 2047’ के अंतर्गत सेवा और संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका, कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, भाजपा जिला उपाध्यक्ष महेश धूमकेती, सांसद प्रतिनिधि नरेंद्र राजपूत, एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज सिंह टेकाम, परशुराम नागेश, हेम सिंह राजपूत, प्रवीण बर्मन, प्रेम सिंह धुर्वे, शिक्षा समिति अध्यक्ष अंजू व्यवहार, डॉ. जितेंद्र व्यवहार एवं अमित बर्मन की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम ने विद्यार्थियों को वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प से जोड़ते हुए उनके कर्तव्यों एवं दायित्वों का बोध कराया। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा, अनुशासन, मेहनत और जिम्मेदारी के साथ देश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज सिंह टेकाम ने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य एवं करियर निर्माण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। वहीं शिक्षा समिति की अध्यक्ष अंजू व्यवहार ने विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनने तथा अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने भाषण, निबंध, चित्रकला एवं रंगोली सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने विकसित भारत की परिकल्पना और अपने सपनों को रचनात्मक रूप में प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य सुनीता नामदेव सहित लक्ष्मी सैयाम, मोहम्मद शकील मंसूरी, माया धुर्वे, दिनेश निरिया, योगेंद्र जी एवं विद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित रहे।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *