Dindori News : राशि बचाने के चक्कर में घटिया निर्माण नहीं चलेगा! कलेक्टर के सख्त निर्देश—गुणवत्ता से समझौता किया तो भुगतान भी नहीं….

Rathore Ramshay Mardan
4 Min Read

नवीन भवनों में रेनवाटर हार्वेस्टिंग, सुरक्षित विद्युत व्यवस्था और स्वच्छता पर विशेष जोर

डिंडौरी। जिले में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों को लेकर कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित निर्माण एजेंसियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राशि की बचत के नाम पर निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए।

 

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में उच्च गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग किया जाए और भवनों का निर्माण इस तरह हो कि वे लंबे समय तक टिकाऊ एवं उपयोगी बने रहें। उन्होंने नवीन भवनों में पानी की टंकी एवं स्टैंड, छत की नियमित साफ-सफाई, गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण और उसके उचित प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

 

बैठक में कलेक्टर ने सभी नवीन भवनों में रेनवाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भवनों में कहीं भी पानी का ठहराव नहीं होना चाहिए। साथ ही भवनों की बाहरी दीवारों पर टाइल्स लगाने की संभावनाओं पर विचार करने और सभी नए शासकीय भवनों में एकरूपता के लिए समान रंग-रूप की पेंटिंग कराने के निर्देश दिए।

 

कलेक्टर ने दरवाजे और खिड़कियों की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि शासकीय भवनों की गुणवत्ता प्रशासन की कार्यप्रणाली की छवि से भी जुड़ी होती है, इसलिए निर्माण में किसी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

 

गुणवत्ता सुनिश्चित होने के बाद ही भुगतान

 

कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य पूर्ण होने और उसकी गुणवत्ता सुनिश्चित होने के बाद ही संबंधित निर्माण एजेंसी को भुगतान किया जाए। सामुदायिक भवनों के निर्माण में विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि भवन ऐसे हों, जहां समुदाय और आमजन आसानी से बैठ सकें तथा आवश्यकता के अनुसार उनका उपयोग किया जा सके।

 

जिन निर्माण कार्यों की शुरुआत अभी तक नहीं हुई है, उन्हें शीघ्र प्रारंभ कर गति बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। वहीं आंगनवाड़ी भवनों के निर्माण में बच्चों की सुरक्षा और आवश्यकताओं को प्राथमिकता देने तथा ऐसे स्थानों का चयन करने को कहा गया, जहां आवागमन की पर्याप्त सुविधा उपलब्ध हो।

 

अतिक्रमण के कारण काम न रुके

 

कलेक्टर ने कहा कि यदि किसी निर्माण कार्य में अतिक्रमण के कारण बाधा उत्पन्न हो रही है तो संबंधित अधिकारी प्रशासन से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करें, ताकि निर्माण कार्य समय पर शुरू और पूरा किया जा सके।

 

उन्होंने नवीन भवनों में विद्युत कार्य भी निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कराने के निर्देश दिए। शॉर्ट सर्किट जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए सुरक्षित और बेहतर विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

 

कलेक्टर ने कहा कि भवन बन जाने के बाद उसमें गंभीर गड़बड़ी होने पर उसे दोबारा बनाना आसान नहीं होता, इसलिए निर्माण के दौरान ही गुणवत्ता, सुरक्षा और भविष्य की आवश्यकताओं का ध्यान रखा जाना जरूरी है। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को प्रत्येक कार्य व्यवस्थित, गुणवत्तापूर्ण और टिकाऊ तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में निर्माण कार्यों से संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *