MP Police Transfer : पुलिस मुख्यालय से 43 पुलिसकर्मियों के अस्थायी तबादले, डिंडौरी के चार कर्मचारी भी शामिल, देखें पूरी सूची….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

 

भोपाल/डिंडौरी। पुलिस मुख्यालय भोपाल ने पुलिस स्थापना बोर्ड के अनुमोदन के बाद प्रदेश के विभिन्न जिलों में पदस्थ 43 पुलिसकर्मियों के अस्थायी स्थानांतरण के आदेश जारी किए हैं। पुलिस मुख्यालय के विशेष पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) द्वारा 18 सितंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार सभी स्थानांतरण “स्वयं के व्यय पर” आगामी आदेश तक प्रभावी रहेंगे।

— जारी पत्र के अनुसार

जारी सूची में डिंडौरी जिले में पदस्थ चार प्रधान आरक्षक भी शामिल हैं। इनमें प्रधान आरक्षक 254 सूरत सिंह का डिंडौरी से भोपाल नगरीय, प्रधान आरक्षक 331 दिलीप सनोडिया का डिंडौरी से छिंदवाड़ा, प्रधान आरक्षक 146 सलीम खान का डिंडौरी से उमरिया और प्रधान आरक्षक 862 सत्यनारायण पटेल का डिंडौरी से मैहर स्थानांतरण किया गया है।

आदेश के मुताबिक प्रदेश के अलग-अलग जिलों में पदस्थ पुलिसकर्मियों को भोपाल नगरीय, इंदौर नगरीय, इंदौर ग्रामीण, रेल भोपाल, रेल इंदौर सहित अन्य जिलों में नवीन पदस्थापना दी गई है। स्थानांतरण सूची में अशोकनगर, शिवपुरी, भिंड, इंदौर, मंडला, रायसेन, बुरहानपुर, सतना, अलीराजपुर, सिंगरौली, रीवा, छिंदवाड़ा, आगर-मालवा, झाबुआ, सिवनी, गुना, कटनी, नर्मदापुरम, देवास, दतिया, मैहर सहित कई इकाइयां शामिल हैं।

पुलिस मुख्यालय ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मध्यप्रदेश शासन की स्थानांतरण नीति में निर्धारित समयावधि के अनुसार संबंधित शासकीय सेवकों को स्थानांतरण पर कार्यमुक्त किया जाए। हालांकि, यदि कोई कर्मचारी निलंबन में है, किसी अपात्र कर्मचारी की पदस्थापना गृह जिले में हुई है अथवा वह बुनियादी प्रशिक्षण में अनुत्तीर्ण है, तो उसे कार्यमुक्त नहीं किया जाएगा और इसकी जानकारी पुलिस मुख्यालय को भेजी जाएगी।

आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि संबंधित शासकीय सेवक के पदोन्नत होने की स्थिति में उसे पदोन्नत पदनाम और बैज क्रमांक से मान्य किया जाएगा।

यह आदेश पुलिस मुख्यालय भोपाल के कार्मिक शाखा द्वारा जारी किया गया है और इसकी प्रतिलिपि विशेष पुलिस महानिदेशक रेल मुख्यालय, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रशिक्षण, सभी जोनल पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस आयुक्त, रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक तथा प्रदेश के सभी पुलिस अधीक्षकों सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *