— स्कूल से छात्रावास लौट रहे छात्र को रास्ते में रोककर वारदात का आरोप, बाइक सवार तीन छात्र फरार
डिंडौरी । समनापुर कस्बे में शुक्रवार दोपहर सीनियर आदिवासी बालक छात्रावास के पास एक नाबालिग छात्र पर चाकू से हमला किए जाने की घटना सामने आई है। कक्षा 10वीं में पढ़ने वाला छात्र हमले में घायल हो गया। घटना के बाद बाइक सवार तीन छात्र मौके से फरार हो गए। घायल छात्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समनापुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल डिंडोरी रेफर किया गया।
रास्ते में रोककर हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे लंच टाइम के दौरान छात्र स्कूल से छात्रावास की ओर जा रहा था। इसी दौरान बीईओ कार्यालय के पीछे मोटरसाइकिल सवार तीन छात्रों ने उसे रास्ते में रोक लिया। किसी बात को लेकर विवाद होने के बाद मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान एक छात्र ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे नाबालिग छात्र घायल हो गया। घटना के बाद तीनों छात्र बाइक से मौके से फरार हो गए। जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों और विद्यार्थियों ने घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस जांच में सामने आएगी घटना की पूरी वजह
प्रारंभिक जानकारी में हमलावरों में से एक के कक्षा 11वीं में अध्ययनरत होने की बात सामने आ रही है। हालांकि घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था और इसमें कौन-कौन शामिल था, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस फरार बताए जा रहे छात्रों की तलाश कर रही है।
छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
छात्रावास के नजदीक दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। अभिभावकों में भी चिंता का माहौल है। उनका कहना है कि स्कूल और छात्रावास के आसपास सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था मजबूत की जानी चाहिए, ताकि विद्यार्थियों के साथ इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। घटना के समय छात्रावास अधीक्षक बम्हनी में मुख्यमंत्री योजना से संबंधित कार्यक्रम में मौजूद बताए गए। सूचना मिलने के बाद वे समनापुर पहुंचे और घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कराई।
