—67 जिला कार्यसमिति सदस्य, 28 विशेष आमंत्रित और 38 स्थायी आमंत्रित सदस्य शामिल, बूथ सशक्तीकरण और संगठन विस्तार पर रहेगा फोकस
डिंडौरी। भारतीय जनता पार्टी जिला डिंडौरी ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में नई जिला कार्यसमिति की घोषणा कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल के निर्देश, प्रदेश महामंत्री एवं संभाग प्रभारी राहुल कोठारी के मार्गदर्शन तथा जिला प्रभारी कमल प्रताप सिंह की सहमति से भाजपा जिलाध्यक्ष चमरू सिंह नेताम ने नई टीम में वरिष्ठ नेताओं के साथ सक्रिय कार्यकर्ताओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
घोषित नई कार्यसमिति में 67 जिला कार्यसमिति सदस्य, 28 विशेष आमंत्रित सदस्य और 38 स्थायी आमंत्रित सदस्य शामिल किए गए हैं। इस तरह जिला संगठन में कुल 133 सदस्यों को जिम्मेदारी मिली है। नई टीम में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों और विभिन्न सामाजिक वर्गों को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया गया है।
वरिष्ठ नेताओं और सक्रिय कार्यकर्ताओं का समावेश
जिला कार्यसमिति में दुर्गेश साहू, अनूप गुप्ता, दीपन खम्परिया, धोबीसिंह परस्ते, मोहनसिंह राठौर, विजय साहू, संतोष गुप्ता, वीरेन्द्र साहू, कृष्णकुमार मिश्रा, देववती बालरे, दिनेश कुमार बर्मन, अश्वनी चौरसिया, तीरथ मरावी, कमला टेकाम सहित कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को स्थान दिया गया है।
वहीं, विशेष आमंत्रित सदस्यों में पूर्व केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, विधायक ओमप्रकाश धुर्वे सहित जिले के कई वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है। इससे संगठन में वरिष्ठ अनुभव और जमीनी स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय की उम्मीद जताई जा रही है।
स्थायी आमंत्रित सदस्यों में भी पार्टी के वरिष्ठ एवं अनुभवी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है। सूची में अनिल मिश्रा, राकेश सिहारे, सुशीला माकों, प्रीतम मरावी, प्रताप सिंह चंदेल, महेश सिंह पाराशर, प्रभात जैन, संजय केशवानी, गंगा तिवारी, श्याम गुप्ता सहित कई नाम शामिल हैं।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने की तैयारी
नई जिला कार्यसमिति के गठन के बाद भाजपा का फोकस संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करने पर रहने की संभावना है। कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय, संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और जमीनी स्तर पर पार्टी की पहुंच बढ़ाने के लिए नई टीम की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
नई टीम में वरिष्ठ नेताओं के अनुभव के साथ सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी मिलने से भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। जिला संगठन की ओर से सभी नवनियुक्त सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा व्यक्त की गई है।
