Dindori News : दिशा बैठक में सांसद कुलस्ते का बड़ा एक्शन, PMGSY अफसरों की गैरहाजिरी पर भड़के, कार्रवाई के दिए निर्देश…

Rathore Ramshay Mardan
4 Min Read

डिंडौरी। जिला विकास समन्वय एवं मूल्यांकन समिति (दिशा) की बैठक में क्षेत्रीय सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने विकास कार्यों में लापरवाही और योजनाओं की धीमी प्रगति को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में विधायक डिंडौरी ओमकार सिंह मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते, कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया, पुलिस अधीक्षक आशीष खरे, जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी, डीएफओ अशोक सोलंकी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के वरिष्ठ अधिकारियों की अनुपस्थिति पर सांसद कुलस्ते ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि दिशा जैसी महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी आवश्यक है, ताकि योजनाओं और निर्माण कार्यों की वास्तविक स्थिति की समीक्षा की जा सके। सांसद ने अनुपस्थित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने तथा भविष्य की बैठकों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए।

डब्ल्यूआरडी की योजनाओं में देरी पर जताई चिंता

जल संसाधन विभाग (WRD) की योजनाओं के निर्धारित समय पर पूर्ण नहीं होने पर भी सांसद ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने लंबित योजनाओं की अद्यतन स्थिति और देरी के कारणों की समीक्षा कर समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही देरी के लिए जिम्मेदारी तय कर शासन को तत्काल अवगत कराने और शेष कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने को कहा।

राघवपुर की योजनाओं में तेजी लाने के निर्देश

सांसद ने राघवपुर क्षेत्र से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में भी तेजी लाने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी कर कार्य प्रारंभ कराने तथा निर्धारित समय-सीमा में योजनाएं पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन से जुड़ी योजनाओं में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में नहीं होनी चाहिए।

NH-45 के कार्य की भी हुई समीक्षा

दिशा बैठक में जबलपुर-अमरकंटक राष्ट्रीय राजमार्ग-45 के निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए सांसद ने डीपीआर के अनुरूप निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा विद्यालय, महाविद्यालय और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों तक पहुंच मार्ग सुचारू बनाए रखने को कहा।

स्वास्थ्य सुविधाओं पर भी फोकस

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद ने शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों का वरिष्ठ अधिकारियों से नियमित निरीक्षण कराने, आवश्यक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने और आयुष्मान योजना के तहत सभी पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनवाने पर जोर दिया।

निर्माण और मेंटेनेंस कार्यों की ली जानकारी

सांसद कुलस्ते ने लोक निर्माण विभाग के वित्तीय वर्ष 2026-27 के मेंटेनेंस एवं अन्य निर्माण कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने पूर्ण, अपूर्ण और प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा की। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत अप्रैल 2026 से अब तक किए गए निर्माण एवं मेंटेनेंस कार्यों की भी जानकारी अधिकारियों से ली गई।

बैठक में नगर पालिका एवं नगर परिषद, जल संसाधन, स्वास्थ्य, विद्युत, जिला पंचायत सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की गई। सांसद ने अधिकारियों को विकास एवं जनहित के कार्यों में तेजी लाने तथा शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए।

 

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *