डिंडौरी। जिला स्वास्थ्य समिति एवं महिला बाल विकास विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों और महिला बाल विकास विभाग की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मातृ स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान गर्भवती महिलाओं के समय पर पंजीयन, हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की पहचान, एनीमिया की जांच एवं उपचार तथा गर्भावस्था के दौरान उच्च रक्तचाप के प्रबंधन की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने हाई रिस्क गर्भवतियों की नियमित मॉनिटरिंग और उन्हें गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए उन्होंने टीबी मरीजों की समय पर जांच और उपचार के साथ पोषण सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम और पोषण पुनर्वास केंद्र की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए चिन्हित बच्चों का समय पर उपचार और आवश्यकता के अनुसार रेफरल सुनिश्चित करने को कहा।
— शत-प्रतिशत टीकाकरण पर जोर
कलेक्टर ने जिले में टीकाकरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए शेष बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण अभियान मोड में पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराने को कहा। बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने सभी सीडीपीओ को आंगनवाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने और वहां उपलब्ध सुविधाओं, बच्चों की उपस्थिति तथा पोषण व्यवस्था की निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा बच्चों के पोषण स्तर में सुधार के लिए प्रभावी प्रयास करने को कहा।
— झोलाछाप डॉक्टरों पर कार्रवाई के निर्देश
कलेक्टर ने सीएमएचओ एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को ब्लॉक स्तर पर नियमित समीक्षा बैठक आयोजित कर योजनाओं की प्रगति की निगरानी करने और निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जिले में झोलाछाप एवं फर्जी चिकित्सकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने को कहा।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दिव्यांशु चौधरी सहित स्वास्थ्य विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
