भोपाल। माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं के आवेदन तथा कक्षा 9वीं के नवीन विद्यार्थियों के नामांकन में APAAR ID को लेकर लोक शिक्षण संचालनालय ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा 9वीं के नामांकन तथा कक्षा 10वीं-12वीं के परीक्षा आवेदनों में APAAR ID को फिलहाल वैकल्पिक ID के रूप में स्वीकार किया जाएगा। साथ ही आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 16 अगस्त 2026 कर दी गई है।
— जारी आदेश के मुताबिक
लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव को भेजे पत्र में बताया गया है कि UDISE पोर्टल पर आधारित APAAR ID को कक्षा 10वीं एवं 12वीं की परीक्षाओं के आवेदन तथा कक्षा 9वीं के नवीन विद्यार्थियों के नामांकन में अनिवार्य जानकारी के रूप में मांगा गया है। हालांकि वर्तमान शैक्षणिक सत्र में कक्षा 9वीं से 12वीं तक करीब 80 प्रतिशत विद्यार्थियों की ही APAAR ID बन पाई है।
संचालनालय के अनुसार लगभग 20 प्रतिशत विद्यार्थियों की APAAR ID अभी बनना शेष है। इसके कारण कई विद्यार्थी कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षा के आवेदन तथा कक्षा 9वीं के नामांकन से वंचित हो सकते हैं। विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सत्र 2026-27 में कक्षा 9वीं के नामांकन आवेदन और कक्षा 10वीं व 12वीं के परीक्षा आवेदनों में APAAR ID को वैकल्पिक ID के रूप में रखने का अनुरोध किया गया है।
संचालनालय ने आवेदन की तिथि 16 अगस्त तक बढ़ाने की मांग की है, ताकि APAAR ID नहीं बन पाने के कारण कोई विद्यार्थी परीक्षा आवेदन से वंचित न रहे और सभी विद्यार्थी समय पर अपने आवेदन कर सकें। साथ ही आगामी शैक्षणिक सत्र 2027-28 के परीक्षा आवेदनों में APAAR ID को अनिवार्य ID के रूप में शामिल किए जाने की व्यवस्था यथावत रखने की बात कही गई है। यह निर्देश प्रदेश के सभी संबंधित अधिकारियों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को सूचनार्थ भेजा गया है।

