Dindori News : बाइक से निकला धुआं, कुछ ही सेकंड में भड़की आग, बाल-बाल बचा चालक….

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

 

कलेक्ट्रेट तिराहे के पास पीएनबी के सामने हादसा, आधे घंटे तक प्रभावित रहा यातायात

 

 

डिंडौरी। जिला मुख्यालय में बुधवार सुबह कलेक्ट्रेट तिराहे के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पंजाब नेशनल बैंक के सामने एक चलती बाइक अचानक आग की लपटों में घिर गई। बाइक चला रहे तान सिंह ठाकुर ने समय रहते बाइक रोककर उससे दूरी बना ली और अपनी जान बचाई। देखते ही देखते बाइक बीच सड़क पर धू-धू कर जलने लगी। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।

जानकारी के अनुसार भाजीटोला निवासी एवं समनापुर थाना क्षेत्र के तान सिंह ठाकुर बुधवार सुबह करीब साढ़े दस बजे बाइक से डिंडौरी आ रहे थे। कलेक्ट्रेट तिराहे के पास पंजाब नेशनल बैंक के सामने पहुंचते ही उन्हें बाइक से धुआं निकलता दिखाई दिया। उन्होंने तत्काल बाइक रोक दी और सुरक्षित दूरी पर चले गए। कुछ ही क्षण बाद बाइक में अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते बाइक पूरी तरह आग की लपटों से घिर गई। बाइक के टायर सहित उसका अधिकांश हिस्सा जल गया।

तान सिंह ठाकुर ने बताया कि बाइक से धुआं निकलते ही उन्होंने खतरा भांप लिया था। यदि वह समय रहते बाइक से दूर नहीं जाते तो बड़ा हादसा हो सकता था। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि वह चाहकर भी बाइक के पास नहीं जा सके। कुछ ही देर में बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। दमकल वाहन के पहुंचने के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बाइक काफी हद तक जल चुकी थी। बीच सड़क पर बाइक में आग लगने के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। करीब आधे घंटे बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी। वहीं अचानक हुए इस हादसे में राहत की बात यह रही कि बाइक में आग भड़कने से पहले चालक ने स्थिति को भांप लिया और सुरक्षित दूरी बना ली। समय रहते उठाए गए इस कदम से बड़ा हादसा होने से टल गया।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *