डिंडौरी। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 का जिला स्तरीय शुभारंभ शुक्रवार को विकासखंड अमरपुर के ग्राम सिधौली (मोहगांव) स्थित नवीन हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित किया, जबकि प्राप्त 48 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया।
कार्यक्रम में शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते, भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, पुलिस अधीक्षक आशीष खरे, वनमंडलाधिकारी अशोक सोलंकी, जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी, एसडीएम रामबाबू देवांगन सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत कलेक्टर कार्यालय से अधिकारियों के दल को बस द्वारा रवाना कर की गई। कार्यक्रम स्थल पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा बालक आश्रम अंग्रेजी माध्यम, सीनियर उत्कृष्ट विद्यालय और आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर विद्यार्थियों एवं बच्चों से संवाद किया।
शिविर में स्व-सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्थानीय उत्पादों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। विभिन्न विभागों ने अपनी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र हितग्राहियों को लाभ प्रदान किया। प्रशासन ने बताया कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार को जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में शिविर आयोजित किए जाएंगे, जो 8 जनवरी 2027 तक जारी रहेंगे।
पुलिस अधीक्षक आशीष खरे ने कहा कि अभियान का उद्देश्य शासन और प्रशासन को सीधे गांवों तक पहुंचाकर आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। वहीं विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि अधिकारी-कर्मचारी घर-घर पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान करेंगे, जिससे नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और योजनाओं का लाभ समय पर मिलेगा। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कहा कि शासन की मंशा है कि नागरिकों की समस्याओं का समाधान उनके क्षेत्र में ही हो। इसी उद्देश्य से प्रत्येक शुक्रवार को शिविर आयोजित कर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा।
शिविर के दौरान 14 हितग्राहियों को अनुकंपा नियुक्ति प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। स्वास्थ्य विभाग ने टीबी मरीजों को पोषण किट प्रदान की, कृषि विभाग ने किसानों को मूंगफली बीज तथा मत्स्य विभाग ने मत्स्य बीज वितरित किए। स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 5 लोगों ने रक्तदान किया, जिनमें संयुक्त कलेक्टर सुश्री भारती मरावी भी शामिल रहीं। इसके अलावा पात्र विद्यार्थियों को साइकिलों का वितरण भी किया गया। जिला प्रशासन ने बताया कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए अभियान लगातार संचालित किया जाएगा।
