डिंडौरी । जिले में जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन के कार्यों की प्रगति की समीक्षा को लेकर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला जल स्वच्छता समिति एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने की, जबकि शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने योजनाओं की गुणवत्ता, समय-सीमा और जवाबदेही पर विशेष जोर दिया।
बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर जल योजना, समूह एवं एकल नल-जल योजनाओं, ट्रायल रन पूर्ण होने के बावजूद हस्तांतरित नहीं की गई योजनाओं, विकासखंडवार प्रगति, जल स्रोतों में बदलाव और ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित नल-जल योजनाओं के सुधार एवं मरम्मत कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूर्ण हो चुके कार्यों की डेटा एंट्री में तेजी लाई जाए और प्रत्येक पात्र परिवार तक स्वच्छ पेयजल समय पर पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नल-जल योजनाओं का हैंडओवर सफल ट्रायल रन के बाद ही लिया जाए और निर्माण कार्य पूर्ण होने के उपरांत ही संबंधित एजेंसियों को भुगतान किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा नहीं करने अथवा गुणवत्ताहीन निर्माण करने वाले ठेकेदारों एवं कार्यदायी एजेंसियों के विरुद्ध ब्लैकलिस्ट की कार्रवाई की जाएगी।
विधायक ने बोरवेल खनन तकनीकी परीक्षण के आधार पर कराने, सभी निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण करने व जल जीवन मिशन के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश भी दिए। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा करते हुए विधायक ने कचरा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, उपलब्ध स्वच्छता उपकरणों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने और हाट-बाजारों, ग्राम पंचायतों, सार्वजनिक स्थलों एवं शौचालयों की नियमित साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने जिले में बंद, अनुपयोगी एवं खुले पड़े बोरवेलों को तत्काल सुरक्षित ढंग से ढंकवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में संबंधित स्थानीय अधिकारी जिम्मेदार होंगे और किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने बोर खनन से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने तथा विभागीय अधिकारियों को पूरी जवाबदेही के साथ अपने दायित्व निभाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में शासन की प्राथमिक योजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण कर हर घर तक सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।




