Dindori News : सहायक यंत्री को हटाने की मांग पर सरपंच संघ का अल्टीमेटम, तीन दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो होगा उग्र आंदोलन….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

 

 

डिंडौरी । जनपद पंचायत करंजिया में सहायक यंत्री कशिश नायक को लेकर विवाद गहरा गया है। जनपद क्षेत्र के सरपंचों ने सहायक यंत्री को तत्काल करंजिया से हटाने की मांग करते हुए जनपद पंचायत अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) को ज्ञापन सौंपा है। सरपंच संघ ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र के सभी सरपंच उग्र आंदोलन करेंगे।

 

सरपंच संघ द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि सहायक यंत्री के कार्य व्यवहार और कार्यप्रणाली के कारण पंचायतों के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। निर्माण कार्यों में अनावश्यक विलंब हो रहा है, जिससे ग्रामीणों को योजनाओं का समय पर लाभ नहीं मिल पा रहा है। संघ का कहना है कि कई बार समस्याओं से अवगत कराने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ।

 

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि पंचायतों में विकास कार्यों के संचालन में लगातार बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं, जिससे जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में सहायक यंत्री का स्थानांतरण जनहित में आवश्यक बताया गया है।

 

सरपंच संघ ने प्रशासन को तीन दिवस का समय देते हुए स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित अवधि में मांग पूरी नहीं की गई तो जनपद मुख्यालय पर व्यापक एवं उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस मामले के सामने आने के बाद जनपद पंचायत करंजिया में प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि जिला प्रशासन सरपंच संघ की मांग पर क्या निर्णय लेता है।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *