— समनापुर में सीईओ को सौंपा ज्ञापन, कहा— शीघ्र भुगतान नहीं हुआ तो काम बंद करने होंगे मजबूर
डिंडौरी । जनपद पंचायत समनापुर अंतर्गत कार्यरत ग्राम रोजगार सहायकों का लंबे समय से लंबित मानदेय भुगतान का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। ग्राम रोजगार सहायकों ने मंगलवार को मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) जनपद पंचायत समनापुर को ज्ञापन सौंपकर बकाया मानदेय का तत्काल भुगतान कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया तो वे कार्य बहिष्कार करने के लिए बाध्य होंगे।
सौंपे गए ज्ञापन में ग्राम रोजगार सहायकों ने बताया कि जुलाई माह से उनका मानदेय लंबित है। समय पर भुगतान नहीं होने के कारण कर्मचारियों को आर्थिक संकट के साथ-साथ मानसिक तनाव का भी सामना करना पड़ रहा है। परिवार के भरण-पोषण, बच्चों की शिक्षा, कृषि कार्य और अन्य आवश्यक खर्चों का निर्वहन करना मुश्किल हो गया है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि कई बार संबंधित अधिकारियों को मौखिक एवं लिखित रूप से समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे कर्मचारियों में लगातार असंतोष बढ़ रहा है। ग्राम रोजगार सहायकों ने मांग की है कि लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जाए तथा स्थापना शाखा में संबंधित अधिकारी की नियुक्ति की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की स्थिति उत्पन्न न हो।
ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो ग्राम रोजगार सहायक कार्य बहिष्कार करने के लिए विवश होंगे। इसका असर मनरेगा सहित ग्रामीण विकास योजनाओं के संचालन पर भी पड़ सकता है। ज्ञापन की प्रतिलिपि जिला पंचायत डिंडौरी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को भी भेजी गई है। ज्ञापन पर समनापुर जनपद के कई ग्राम रोजगार सहायकों के हस्ताक्षर दर्ज हैं।




