— मामूली पारिवारिक विवाद के बाद मेहंदवानी थाना क्षेत्र के ग्राम धमनी में हुई वारदात, पुलिस ने आरोपी पुत्र के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर शुरू की जांच।
मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले के मेहंदवानी थाना क्षेत्र के ग्राम धमनी में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। पारिवारिक विवाद के दौरान एक बेटे ने अपने ही पिता पर धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में मातम और दहशत का माहौल है।
— ये रहा पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 60 वर्षीय गंधी सिंह तेकाम के रूप में हुई है, जबकि हत्या का आरोपी उनका 40 वर्षीय पुत्र भगत सिंह तेकाम है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घर में किसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर पिता ने बेटे को शांत रहने की समझाइश दी, लेकिन गुस्से में आरोपी ने धारदार हथियार उठाकर उन पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से गंधी सिंह तेकाम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही मेहंदवानी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी पुत्र के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना में प्रयुक्त हथियार भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह जानने के लिए परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है। इस घटना ने एक बार फिर पारिवारिक रिश्तों में बढ़ते तनाव और हिंसक प्रवृत्ति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्राम धमनी में घटना के बाद शोक की लहर है और ग्रामीण अब पुलिस जांच के निष्कर्ष का इंतजार कर रहे हैं।




