डिंडौरी। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज पाण्डेय ने गुरुवार को विकासखंड अमरपुर अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं उपस्वास्थ्य केंद्र खैरदा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही सामने आने पर संबंधित कर्मचारियों एवं अधिकारियों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की गई।
निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) मनीषा भारती बिना सूचना के अनुपस्थित पाई गईं। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया तथा 2 जुलाई 2026 को अवैतनिक घोषित कर दिया गया।
निरीक्षण में यह भी पाया गया कि उपस्वास्थ्य केंद्र में निर्धारित मानकों के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रही थीं। इस पर मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. सोन सिंह मरकाम, खंड कार्यक्रम प्रबंधक अनुराग चौकसे तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरपुर को कारण बताओ नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर सभी कमियों में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज पाण्डेय ने स्पष्ट किया कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी स्वास्थ्य संस्थानों की नियमित मॉनिटरिंग जारी रहेगी और कर्तव्य के प्रति उदासीनता पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।




