— स्थानीय अभ्यर्थियों की अनदेखी कर नियुक्ति किए जाने का लगाया आरोप, जिला कार्यक्रम अधिकारी को सौंपा आवेदन
डिंडौरी। जिले के करंजिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सेनगुड़ा के बड़े टोला में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका भर्ती प्रक्रिया को लेकर विवाद सामने आया है। इस संबंध में जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, डिंडौरी को आवेदन सौंपकर भर्ती प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कर नियमों के अनुसार कार्रवाई की मांग की गई है।
दरअसल आवेदन में आरोप लगाया गया है कि बड़े टोला सेनगुड़ा के आंगनवाड़ी केंद्र में कार्यकर्ता एवं सहायिका की भर्ती के दौरान विभागीय नियमों का पालन नहीं किया गया। आवेदनकर्ताओं का कहना है कि बड़े टोला के लिए निर्धारित पद पर स्कूल टोला की अभ्यर्थी को नियुक्त कर दिया गया, जबकि स्थानीय पात्र अभ्यर्थियों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए थी।
आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों एवं भर्ती संबंधी आदेशों का पालन नहीं किया गया। आवेदनकर्ताओं ने शासन के पत्रों का हवाला देते हुए नियुक्ति प्रक्रिया की जांच कराने तथा यदि अनियमितता पाई जाए तो नियमानुसार कार्रवाई करते हुए नियुक्ति निरस्त करने की मांग की है।
इस मामले में आवेदनकर्ताओं ने जिला कार्यक्रम अधिकारी से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने और भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की मांग की है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से इस आवेदन पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। बता दें कि यह समाचार आवेदन में लगाए गए आरोपों के आधार पर प्रकाशित किया जा रहा है।




