Education Update : नवागत DPC दिवाकर तिवारी ने करंजिया में ली शिक्षा योजनाओं की समीक्षा, शिक्षकों से 100% क्रियान्वयन का किया आह्वान….

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

 

डिंडौरी। जिला शिक्षा केंद्र, सर्व शिक्षा अभियान डिंडौरी के नवागत जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) दिवाकर तिवारी ने शुक्रवार को करंजिया विकासखंड का भ्रमण कर खंड स्तरीय समीक्षा बैठक ली। बैठक में सर्व शिक्षा अभियान के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं शैक्षणिक गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की गई।

 

करंजिया पहुंचने पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं बीआरसी अजय राय ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। समीक्षा बैठक में डीपीसी ने स्कूल चले हम अभियान के तहत प्रवेश उत्सव, मध्याह्न भोजन योजना, पाठ्यपुस्तक वितरण, साइकिल वितरण सहित अन्य योजनाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने विकासखंड में योजनाओं के सुचारू संचालन पर संतोष व्यक्त करते हुए छात्रों के अपार आईडी एवं आधार पंजीयन में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने पर प्रसन्नता जाहिर की।

 

बैठक को संबोधित करते हुए दिवाकर तिवारी ने शिक्षकों से शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण कार्य करने तथा अनुशासन और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में डिंडौरी जिले की पहचान को और मजबूत बनाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।

 

विकासखंड शिक्षा अधिकारी अजय राय ने नए शैक्षणिक सत्र के लिए शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए टीम भावना के साथ कार्य करने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करने की बात कही। बैठक में बीएसी रामगोपाल झारिया, राजेश वालरे, सुनील नामदेव, सीएसी अशोक साहू, विजय यादव, सुनील कुमार नागेश्वर, संकुल प्राचार्य झनकी राम कुमार गर्ग, प्रधानपाठक सहित विकासखंड के शिक्षक एवं शैक्षणिक अमला उपस्थित रहा।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *