MP Transfer News 2026 : स्कूल शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, जिला शिक्षा अधिकारियों और सहायक संचालकों के तबादले….

Rathore Ramshay Mardan
3 Min Read

 

एक साथ जारी हुए दो आदेश, कई जिलों में नए शिक्षा अधिकारी तैनात, डिंडौरी समेत कई जिलों में बदली जिम्मेदारियां

 

भोपाल। मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने गुरुवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए उप संचालक, सहायक संचालक, प्राचार्य और विकासखंड शिक्षा अधिकारियों के व्यापक तबादला आदेश जारी किए हैं। जारी आदेशों के तहत कई जिलों में जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) और सहायक संचालकों की नई पदस्थापनाएं की गई हैं, जबकि कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

 

आदेश के अनुसार सतना डाइट के प्राचार्य सच्चिदानंद पाण्डेय को जिला शिक्षा अधिकारी कटनी बनाया गया है। वहीं भिण्ड, विदिशा, छतरपुर, पन्ना, कटनी, जबलपुर, शाजापुर और अन्य जिलों में पदस्थ अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयकों को विभिन्न जिलों में सहायक संचालक के रूप में नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।

 

डिंडौरी जिले में भी महत्वपूर्ण बदलाव हुआ है। जबलपुर में पदस्थ अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक गौतम बर्वे को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय डिंडौरी में सहायक संचालक पद पर पदस्थ किया गया है। वहीं डिंडौरी में अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक के रूप में कार्यरत प्रवीण कुमार तिवारी का तबादला नरसिंहपुर कर दिया गया है।

 

राज्य शासन ने आदेश में स्पष्ट किया है कि क्रमांक 2 से 22 तक पदस्थ किए गए अधिकारियों को उनके नवीन पदस्थापना जिलों में जिला शिक्षा अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी अस्थायी रूप से सौंपा गया है।

 

इसके अलावा एक अन्य आदेश में लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल में पदस्थ 11 सहायक संचालकों को विभिन्न जिलों में विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) और अन्य पदों पर पदस्थ किया गया है। इनमें सौम्या असाटी को कटनी, पूजा जैन को नरसिंहपुर, मनीषा अहिरवार को टीकमगढ़, प्रतीक कुमार मेहरा को सिरोंज, कुंवर सिंह इन्दौरे को बनखेड़ी तथा शिवांगी डाबर को सांवेर में विकासखंड शिक्षा अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।

 

स्कूल शिक्षा विभाग के इस व्यापक फेरबदल को जिले स्तर पर शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *