— भ्रष्टाचार की शिकायत पर कार्रवाई, 1.19 करोड़ के लेनदेन दस्तावेज जब्त; बैंक खातों और निवेश की जांच जारी
मध्यप्रदेश के जबलपुर में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) जबलपुर ने नगर निगम जबलपुर के प्रभारी सहायक स्वास्थ्य अधिकारी पोलाराव बारोआ के निवास और कार्यालय पर छापामार कार्रवाई करते हुए लगभग 2.82 करोड़ रुपये की कथित अनुपातहीन संपत्ति का खुलासा किया है। भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत के सत्यापन के बाद EOW ने आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
मंगलवार सुबह लगभग 6 बजे EOW की तीन अलग-अलग टीमों ने आरोपी के मकान एवं कार्यालय में एक साथ सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कार्रवाई के दौरान मिले दस्तावेजों और संपत्तियों की जांच अभी जारी है। EOW के अनुसार अब तक की कार्रवाई में आरोपी और उसके परिजनों के नाम पर करोड़ों रुपये की चल-अचल संपत्ति का पता चला है।
जांच में अब तक एक आवासीय फ्लैट, घरेलू सामान, बीमा पॉलिसियों में निवेश, करीब 150 ग्राम सोने के आभूषण, 232 ग्राम चांदी के आभूषण, एक भूखंड, एक फोर व्हीलर और तीन टू-व्हीलर वाहनों की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा आरोपी के निवास से लगभग 1.19 करोड़ रुपये के नगदी लेनदेन से संबंधित दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं।
EOW को आरोपी और उसके परिजनों के छह बैंक खातों की जानकारी भी मिली है, जिनमें करीब 10 लाख रुपये जमा होने के साथ-साथ बैंकों में लगभग 450 ग्राम सोना जमा होने की संभावना जताई गई है। प्राथमिक जांच में सामने आई संपत्तियों का अनुमानित मूल्य करीब 2.82 करोड़ रुपये आंका गया है। अधिकारियों का कहना है कि तलाशी के दौरान मिले दस्तावेजों, बैंक खातों, आभूषणों और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की जांच जारी है तथा आगे और संपत्ति सामने आने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
