— रीवा, शहडोल, उज्जैन, मंडला, डिंडौरी समेत कई जिलों में नई पदस्थापनाएं; मंत्रालय ने जारी किए तीन अलग-अलग आदेश
भोपाल । मध्यप्रदेश शासन के जनसंपर्क विभाग ने सोमवार को बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए संयुक्त संचालक, उप संचालक, सहायक संचालक, सहायक जनसंपर्क अधिकारी तथा सहायक ग्रेड-3 कर्मचारियों के स्थानांतरण आदेश जारी किए हैं। उप सचिव डॉ. कैलाश बुंदेला द्वारा जारी आदेशों के अनुसार अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशासकीय हित में तत्काल प्रभाव से नई पदस्थापनाएं दी गई हैं।
जारी आदेश के तहत नर्मदापुरम संभागीय जनसंपर्क कार्यालय में पदस्थ संयुक्त संचालक रश्मि देशमुख को रीवा संभाग भेजा गया है। वहीं भोपाल स्थित जनसंपर्क संचालनालय से उप संचालक लक्ष्मण सिंह को सागर संभाग तथा सागर से जी.एस. मर्सकोले को शहडोल संभाग में पदस्थ किया गया है।
सहायक संचालक स्तर पर भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। नरसिंहपुर से के.के. मेरावी को रीवा, उज्जैन से अरुण राठौर को नर्मदापुरम, भोपाल से आशीष शर्मा को छतरपुर, खरगोन से जकिया रुही को भिंड, मंडला से राहुल वासनिक को नरसिंहपुर तथा मंदसौर से ईश्वर लाल चौहान को रतलाम स्थानांतरित किया गया है।
सहायक जनसंपर्क अधिकारियों की सूची में उज्जैन से कपिल मिश्रा को श्योपुर, श्योपुर से अवंतिका श्रीवास्तव को मंडला, भोपाल से शिवम शुक्ल को देवास और छिंदवाड़ा से गरिमा शर्मा को मध्यप्रदेश सूचना केन्द्र नई दिल्ली भेजा गया है। इसके अलावा भिंड में पदस्थ पुष्पराज सिंह को जिला जनसंपर्क कार्यालय डिंडौरी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विभाग द्वारा जारी तीसरे आदेश में सहायक ग्रेड-3 एवं संविदा डाटा एंट्री ऑपरेटर कर्मचारियों के भी तबादले किए गए हैं। सिवनी से भूपेन्द्र सिंह ठाकुर को नरसिंहपुर, अशोकनगर से दीपक यादव को दतिया तथा बालाघाट से महताब हुसैन को कटनी स्थानांतरित किया गया है।
जनसंपर्क विभाग ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तत्काल कार्यमुक्त कर नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल को विभागीय कार्यों की दक्षता और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
वहीं भिंड जिला जनसंपर्क कार्यालय में पदस्थ सहायक जनसंपर्क अधिकारी पुष्पराज सिंह को जिला जनसंपर्क कार्यालय डिंडौरी में पदस्थ किया गया है, जिससे जिले में जनसंपर्क गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
