Dindori News : सब्जी बाजार के बीच संचालित मीट-मुर्गा मार्केट हटाने की मांग, नागरिक ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन…

Rathore Ramshay Mardan
2 Min Read

डिंडौरी। नगर परिषद डिंडौरी के वार्ड क्रमांक 4 में सब्जी बाजार के बीच संचालित हो रहे मीट एवं मुर्गा मार्केट को अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग को लेकर स्थानीय नागरिक रोहित कांसकार ने कलेक्टर एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है।

 

ज्ञापन में बताया गया है कि वार्ड क्रमांक 4 स्थित सब्जी बाजार में प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिक, महिलाएं और बच्चे खरीदारी के लिए आते हैं। ऐसे स्थान पर मीट एवं मुर्गा मार्केट का संचालन किए जाने से स्वच्छता, सार्वजनिक स्वास्थ्य और नागरिक सुविधाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। आवेदक का कहना है कि इससे दुर्गंध, गंदगी और संक्रमण फैलने की आशंका बनी रहती है, जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

 

रोहित कांसकार ने अपने आवेदन में उल्लेख किया है कि इस संबंध में पूर्व में भी कई बार शिकायत और आवेदन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि खाद्य व्यवसाय, विशेषकर मांस विक्रय, निर्धारित स्वच्छता मानकों एवं स्थानीय निकायों के नियमों के अनुरूप संचालित होना चाहिए।

 

ज्ञापन में यह भी दावा किया गया है कि प्रदेश में संभवतः डिंडौरी ऐसा पहला जिला है, जहां सब्जी बाजार और मीट मार्केट एक ही स्थान पर संचालित हो रहे हैं, जिससे नगर की छवि भी प्रभावित हो रही है। आवेदक ने प्रशासन से मांग की है कि मीट एवं मुर्गा मार्केट का तत्काल निरीक्षण कराया जाए, उसे नगर परिषद द्वारा निर्धारित किसी पृथक एवं उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए तथा खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता नियमों के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *