— हाई स्कूल बंद करने की आशंका से भड़के ग्रामीण, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
डिंडौरी । विकासखंड समनापुर अंतर्गत ग्राम पंचायत चांदरानी में संचालित कक्षा 9वीं से 12वीं तक के हाई स्कूल को बंद किए जाने की आशंका के बीच ग्रामीणों और अभिभावकों ने संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर विद्यालय को यथावत संचालित रखने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि चांदरानी हाई स्कूल वर्षों से क्षेत्र के विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान कर रहा है। यदि प्रशासन द्वारा विद्यालय को किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित अथवा बंद करने का निर्णय लिया जाता है, तो इसका सीधा असर क्षेत्र के विद्यार्थियों की पढ़ाई पर पड़ेगा।
अभिभावकों ने मांग की है कि विद्यालय को वर्तमान स्थान पर ही संचालित रखा जाए और विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए किसी भी प्रकार का स्थानांतरण या बंद करने की कार्रवाई न की जाए। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि चांदरानी क्षेत्र के आसपास लगभग 12 गांवों के छात्र-छात्राएं इस विद्यालय में अध्ययनरत हैं, जिनके लिए यह स्कूल शिक्षा का प्रमुख केंद्र है।
ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय के बंद होने या अन्यत्र स्थानांतरित होने की स्थिति में बच्चों को दूरस्थ क्षेत्रों में पढ़ाई के लिए जाना पड़ेगा, जिससे शिक्षा प्रभावित होने की संभावना बढ़ जाएगी। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि विद्यालय को सुचारू रूप से संचालित रखा जाए और विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लिया जाए। ज्ञापन पर बड़ी संख्या में ग्रामवासियों, अभिभावकों एवं जनप्रतिनिधियों के हस्ताक्षर दर्ज हैं, जिन्होंने एक स्वर में विद्यालय को यथावत बनाए रखने की मांग की है।




