— शिक्षकों और अधिकारियों ने किया सम्मान, शिक्षा के क्षेत्र में योगदान को बताया प्रेरणादायी
डिंडौरी। उत्कृष्ट विद्यालय करंजिया में विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) चिंता राम कुशराम के अर्धवार्षिकी आयु पूर्ण कर अनिवार्य सेवानिवृत्त होने पर भावभीनी विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके लंबे और उल्लेखनीय सेवाकाल को याद करते हुए सम्मानपूर्वक विदाई दी।
कार्यक्रम में नवागत विकासखंड शिक्षा अधिकारी अजय राय ने कहा कि “सादा जीवन, उच्च विचार” कुशराम के व्यक्तित्व की सबसे बड़ी पहचान रही है। उन्होंने अपने कार्यकाल में प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ शिक्षा की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विद्यार्थियों और शिक्षकों के हित में अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए।
अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा के जिला अध्यक्ष सुशील कुमार नागेश्वर ने कहा कि कुशराम ने सदैव शिक्षक हितों को ध्यान में रखकर कार्य किया तथा शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वहीं ब्लॉक अध्यक्ष जीवन मरावी ने उनके सेवाकाल को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि उनका मार्गदर्शन शिक्षकों के लिए सदैव स्मरणीय रहेगा।
ट्रायबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन के संभागीय अध्यक्ष एवं आईटी सेल जबलपुर के प्रभारी राम कुमार गर्ग ने कहा कि कुशराम निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण की मिसाल रहे हैं। उनके कार्यों और व्यवहार की छाप हमेशा शिक्षकों एवं कर्मचारियों के दिलों में बनी रहेगी।
समारोह के दौरान शिक्षकों और कर्मचारियों ने कुशराम के साथ बिताए अनुभव साझा किए तथा उनके स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में नवागत बीईओ अजय राय, राम कुमार गर्ग, जीवन मरावी, श्यामलाल विश्वकर्मा, विश्राम सिंह टेकाम, अधीक्षक फिरोजा बेगम, केशव तिवारी, प्राचार्य सुनील शुक्ला, राम गोपाल झारिया, बीएसी वेद परस्ते, सुखदेव सिंह धुर्वे सहित विकासखंड शिक्षा कार्यालय एवं जनपद शिक्षा केंद्र के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।




