डिंडौरी। जिला चिकित्सालय में भर्ती मरीजों के साथ आने वाले परिजनों एवं दूरदराज क्षेत्रों से उपचार के लिए पहुंचने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्पताल परिसर में रैन बसेरा निर्माण की कवायद तेज हो गई है। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में प्रस्तावित रैन बसेरा निर्माण के लिए शुक्रवार को एसडीएम रामबाबू देवांगन ने जिला चिकित्सालय परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी अमित तिवारी, सिविल सर्जन और अधिवक्ता सम्यक जैन सहित अस्पताल प्रबंधन एवं नगर परिषद के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अस्पताल परिसर में उपलब्ध स्थानों का निरीक्षण कर रैन बसेरा निर्माण के लिए उपयुक्त स्थल चयन को लेकर चर्चा की। साथ ही मरीजों के परिजनों को होने वाली परेशानियों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि जिले के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचते हैं। ऐसे में उनके साथ आने वाले परिजनों को रात में ठहरने के लिए सुरक्षित एवं पर्याप्त व्यवस्था नहीं मिल पाती। मजबूरी में कई लोगों को अस्पताल परिसर के बाहर खुले में या असुविधाजनक परिस्थितियों में रात गुजारनी पड़ती है।
एसडीएम रामबाबू देवांगन ने कहा कि रैन बसेरा निर्माण से जरूरतमंद लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और अस्पताल आने वाले मरीजों के परिजनों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ठहरने की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ करने तथा सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रस्तावित रैन बसेरा में पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, बैठने एवं रात्रि विश्राम की समुचित सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। वहीं नगर परिषद के अधिकारियों को निर्माण कार्य की रूपरेखा तैयार कर जल्द अमल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि आमजन को शीघ्र लाभ मिल सके।
स्थानीय नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों ने जिला चिकित्सालय परिसर में रैन बसेरा निर्माण की पहल का स्वागत करते हुए इसे जनहित में एक महत्वपूर्ण और सराहनीय कदम बताया है।




