— तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन, आवश्यक दवाइयां पहले से लेने की अपील
डिंडौरी। आज 20 मई 2026 को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी बंद के समर्थन में शहपुरा तहसील की समस्त मेडिकल एवं दवा दुकानें बंद रहेंगी। इस संबंध में समस्त दवा विक्रेता संघ, शहपुरा तहसील द्वारा प्रशासन को पूर्व सूचना देते हुए एसडीएम शहपुरा को ज्ञापन सौंपा गया है।
दवा विक्रेता संघ द्वारा दिए गए पत्र में बताया गया कि केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए GSR 817(E) एवं GSR 220 नियमों के विरोध में ऑल इंडिया केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने देशव्यापी बंद का आह्वान किया है। संघ का कहना है कि इन नए प्रावधानों से छोटे दवा व्यापारियों के व्यवसाय पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है, जिससे आर्थिक संकट की स्थिति बन रही है।
दवा व्यापारियों का आरोप है कि नए नियमों के लागू होने से छोटे मेडिकल संचालकों के सामने रोजगार और व्यापार को लेकर गंभीर चुनौतियां खड़ी हो गई हैं। इसी विरोध में देशभर के केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट संगठनों ने 20 मई को एक दिवसीय बंद का निर्णय लिया है।
शहपुरा नगर दवा विक्रेता संघ ने प्रशासन को अवगत कराया है कि बंद के दौरान तहसील क्षेत्र की अधिकांश मेडिकल दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी। ऐसे में गंभीर मरीजों, बुजुर्गों तथा नियमित दवा लेने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
संघ ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था पहले से कर लें, ताकि बंद के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। वहीं प्रशासन से भी शांतिपूर्ण बंद को लेकर सहयोग की अपेक्षा जताई गई है।





