डिंडौरी। जिला मुख्यालय के पुरानी डिंडौरी तिराहा क्षेत्र में रविवार को रात लगभग 8 बजे अचानक बिजली के खंभे में आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के कारण खंभे में लगी विद्युत तारों से चिंगारियां निकलने लगीं और देखते ही देखते आग भड़क उठी।
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए। आग लगते ही स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने विद्युत सप्लाई बंद कर स्थिति पर नियंत्रण पाया। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कुछ देर तक क्षेत्र की बिजली व्यवस्था प्रभावित रही। स्थानीय नागरिकों ने बिजली विभाग से पुराने और जर्जर तारों की जांच कर आवश्यक सुधार की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
